भारत ने घरेलू सरजमीं पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2015/16 और 2019/20 में दो टी20 सीरीज खेली है। धोनी की अगुवाई में टीम को जहां हार मिली थी, वहीं कोहली की कप्तानी में भारत ने सीरीज ड्रॉ करवाई थी।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5T20I मैच की सीरीज 2-2 की बराबरी पर है। ऋषभ पंत की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने सीरीज के पहले दो मैच हारने के बावजूद जोरदार वापसी कर यह बता दिया कि वह इतनी आसानी से हार नहीं मानने वाले हैं। अब सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला आज बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है। अगर भारत इस मुकाबले में जीत दर्ज करता है तो वह इतिहास रच देगा। कप्तान ऋषभ पंत आज की जीत के साथ वो कारनामा कर दिखाएंगे जो पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली नहीं कर पाए।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर में आज तक टी20 सीरीज नहीं जीता है भारत
भारत की यह घरेलू सरजमीं पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरी टी20 सीरीज है। 2015/16 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में टीम को 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था। 3 मैच की इस सीरीज का आखिरी मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा था। वहीं विराट कोहली की कप्तानी में 2019/20 में सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी। उस दौरान भी एक मुकाबला बारिश की वजह से धुला था।
ऋषभ पंत की अगुवाई में टीम के पास इतिहास रचने का मौका
साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी सीरीज अभी 2-2 की बराबरी पर है। अगर टीम इंडिया आखिरी मैच जीतती है तो वह 3-2 से सीरीज अपने नाम कर लेगी। ऐसा पहली बार होगा जब भारत साउथ अफ्रीका को घर में टी20 सीरीज में मात देगी। सीरीज में 0-2 से पिछड़ने के बाद टीम इंडिया का यह यादगार कमबैक होगा। सीरीज की शुरुआत में भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, मगर पिछले दो मैचों से सभी गेंदबाज लय में दिख रहे हैं।
बारिश फेर सकती है ऋषभ पंत की मेहनत पर पानी
मानसून की वजह से भारत बनाम साउथ अफ्रीका के मैच के दिन तेज तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। तापमान 20 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। हवा पश्चिम से 10-15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। Weather.com के अनुसार मैच के दौरान बारिश की 76% संभावना है। अगर बारिश आज का खेल बिगाड़ती है तो पंत भी इतिहास रचने से चूक जाएंगे।